
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । हमीरपुर जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की गवारडू पंचायत के वार्ड नंबर छः में विकास छलांगे मार रहा है । यहां बरसात में टूटा आम रास्ता अब तक नहीं बन पाया है। टूटे हुए रास्ते पर एक लोहे की सीढ़ी रख लोग आर पार जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि आपदा के नाम पर आई राशि कहां है और पांच माह से टूटा रास्ता क्यों नहीं बन पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने बताई समस्या
इस बारे में गवारडू पंचायत के वार्ड नंबर छः के बाशिंदों रोशन लाल सुरजीत, प्रकाश चंद, मिलाप चंद, सिमरो देवी, कांता देवी इत्यादि का कहना है कि पिछले साल 13 अगस्त को हुई तबाही में उनके गांव का मुख्य रास्ता दो फाड़ हो गया। बीच में खाई बन गई। फिर एक लोहे की सीढ़ी रख लोग आर पार जाने लगे। इस रिस्क में कई लोग गिरे। रास्ता टूटने की रिपोर्ट स्थानीय पटवारी और पंचायत प्रधान को की गई। आपदा के नाम पर अगर पंचायत को पैसा आया तो अब तक उनका रास्ता क्यों नहीं बना। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें आ रही दिक्कत को शीघ्र दूर किया जाए।
क्या कहा पंचायत प्रधान ने
इस बारे में गवारडू पंचायत की प्रधान सरोज कुमारी ने पहले कहा कि रास्ता टूटने की उन्हें कोई जानकारी नहीं , फिर उन्होंने कहा कि वहां विवादित स्थल है। इसके बाद प्रधान ने अपनी बात बदलते हुए कहा कि मामला उनके ध्यान में है। जियो टैग होते ही टूटे हुए रास्ते का काम शुरू कर दिया जायेगा ताकि लोगों को आ रही दिक्कत दूर हो।












