
मोगा (द स्टैलर न्यूज़)। देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली एक निंदनीय घटना सामने आई है। मोगा जिले के अंतर्गत आते बाघापुराना क्षेत्र के गांव वैरोके में भगत सिंह की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने और उस पर रंग लगाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में रोष है। घटना की जानकारी मिलने पर गांव के लोगों ने इस हरकत की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जिम्मेदार व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शहीद भगत सिंह देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी थे। उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह की हरकत करना निंदनीय है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। इस मामले में डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि गांव वैरोके में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी ग्रामीणों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा पर पेंट आदि लगा हुआ है और पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।












