
शिमला (द स्टैलर न्यूज़)। शिमला में सुबह एक दर्दनाक हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। रोहड़ू डिपो की हिमाचल परिवहन निगम की एक बस गिलटारी रोड से नीचे गिर गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में बस का ड्राइवर और कंडक्टर, धनसार गांव की एक महिला और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया।

ड्राइवर और कंडक्टर सहित कुल सात लोगों को ले जा रही बस एक खड़ी पहाड़ी से लुढ़क गई और नीचे सड़क पर रुक गई, जिससे मौके पर ही मृत्यु हो गई और गंभीर चोटें आईं। दो पीड़ितों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। एसडीएम जुब्बल राजीव सांख्यान ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि दुखद घटना का कारण निर्धारित करने के प्रयास जारी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और हादसे की जांच जारी है।












