
इंदौरा (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल-पंजाब सीमा पर नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सफलता हासिल की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कांगड़ा की विशेष टीम ने इंदौरा उपमंडल के अंतर्गत एक गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब के एक युवक को भारी मात्रा में हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार एएसआई सुरेश कुमार की अगुवाई में एएनटीएफ की टीम बैरियर चौक इंदौरा पर मौजूद थी। तभी गुप्त सूचना मिली कि पंजाब की तरफ से एक युवक स्कूटी पर आ रहा है और उसके पास नशीला पदार्थ है।

सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत इंदौरा-मुकेरियां मार्ग पर टिब्बी मोड़ पर नाकाबंदी कर दी।नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार को रोककर जब तलाशी ली गई तो पुलिस को स्कूटी की डिक्की से 27.39 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दीपक (23) पुत्र गुरमीत राम निवासी गांव छोटाला, तहसील दसूहा,जिला होशियारपुर के रूप में हुई है।आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।











