Thursday, October 15, 2026
Home Crime मां थावेवाली के मंदिर से सोने का मुकुट चोरी, दानपेटी व गहरे...

मां थावेवाली के मंदिर से सोने का मुकुट चोरी, दानपेटी व गहरे ले उड़े चोर

बिहार (द स्टैलर न्यूज़)। बिहार के गोपालगंज जिले में स्थित मशहूर थावे दुर्गा मंदिर में बेखौफ चोर मंदिर के गर्भ गृह में घुस गए और देवी दुर्गा का करीब 51 लाख रुपये का सोने का मुकुट और दूसरे कीमती गहने चुरा ले गए। इतना ही नहीं, चोर मंदिर का करीब 50 किलो वज़नी दान पेटी भी ले गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो मंदिर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मां दुर्गा की प्रतिमा से मुकुट और आभूषण गायब थे, वहीं मंदिर परिसर से दान पेटी गायब थी और लॉकर भी टूटा हुआ मिला। सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि चोर पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं।

Advertisements

बताया जा रहा है कि चोरी हुआ मुकुट 251 ग्राम वजन का सोने का मुकुट था, जिसकी कीमत करीब 51 लाख रुपये आंकी गई है। यह मुकुट झारखंड के एक व्यवसायी द्वारा श्रद्धा स्वरूप मां थावेवाली को अर्पित किया गया था। पुलिस के अनुसार, चोरों ने वारदात से पहले मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी रेकी की थी। देर रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच दो अज्ञात चोर चेहरे पर मास्क लगाए हुए मंदिर के पीछे के रास्ते से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे। वे अपने साथ कटर लेकर आए थे, जिससे मंदिर का ताला काटा गया। इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश कर आभूषण उतारे गए और फिर मंदिर परिसर में रखी करीब 50 किलो वजनी दानपेटी भी चोर उठा ले गए।

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। चोरी की हर कड़ी की जांच की जा रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here