
केरल (द स्टैलर न्यूज़)। केरल के पालक्काड जिले के पास से एक पिकअप वैन से विस्फोटकों से भरे 100 से ज्यादा बक्सों को पुलिस ने जब्त करने में सफलता हासिल की है। पालक्काड टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पाल्लक्काड मेडिकल कॉलेज के पास उन्हें गाड़ी में जिलेटिन स्टिक्स के 100 से ज्यादा बॉक्स और डेटोनेटर के 20 से ज्यादा बॉक्स मिले हैं। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, विस्फोटक के ये बॉक्स कि तरबूज की एक खेप के नीचे छिपाए गए थे। पुलिस ने वाहन के चालक सैंथिल को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस की ओर से की गई प्रारंभिक पूछताछ के दौरान चालक ने खुलासा किया है कि उसने बक्से कोयंबटूर से लोड किए थे और उन्हें त्रिशूर में एक खदान में ले जा रहा था। एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य में बड़ी मात्रा में विस्फोटक लाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान पिकअप वैन को रोका। लेकिन पुलिस के कहने पर चालक ने वाहन को नहीं रोका, इसके बाद वाहन का पीछा किया गया और इसे पकड़ा गया। पुलिस ने गाड़ी से विस्फोटक सामाग्री बरामद की और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।












