Sunday, October 25, 2026
Home National ओवरटेक करते दौरान बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, पुलिस के 5 जवानों की मौत

ओवरटेक करते दौरान बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, पुलिस के 5 जवानों की मौत

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना तावड़ू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात ये जवान स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर पलवल की ओर से आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुलावट टोल प्लाजा के पास वाहन चालक ने तेज रफ्तार में एक अन्य गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो गया और वह सामने चल रहे वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों जवानों की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। क्षतिग्रस्त वाहन में शव इस कदर फंस गए थे कि उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Advertisements

घटनास्थल पर एंबुलेंस बुलाकर शवों को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के रूप में हुई है, जो जालौन जिले में कार्यरत थे। इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया। प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि वे एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरटेक करते समय पूरी सावधानी बरतें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here