
यूपी (द स्टैलर न्यूज़)। यूपी में ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्लास्टिक की एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेजी से आसपास की कई दुकानों में फैल गई, चूंकि पूरे इलाके में ही फर्नीचर का काम होता है तो आग बहुत तेजी से फैली। आग की लपटें काफी दूर से ही दिखाई दे रही थीं। बता दें कि आग बीती रात करीब 10 बजे लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां पहुंचीं।

इस घटना पर चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली कि ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आग लगी है। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है। इस अग्निकांड में करीब 8 दुकानें जलकर खाक हो गईं। अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।











