
चीन (द स्टैलर न्यूज़)। चीन के मध्य हेनान प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। हादसा नानयांग शहर के एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब 2:40 बजे हुआ, जब एक ओवरलोड यात्री वैन आगे चल रहे सेमी-ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह वैन केवल 9 यात्रियों के लिए बनी थी, लेकिन हादसे के समय इसमें 16 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और राहत कार्य के लिए विशेष टीम नानयांग भेज दी है। अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं, जिसमें ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है।












