
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली नगर निगम दक्षिण दिल्ली में अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जल्द कार्रवाई शुरू करेगा। इसके तहत भवन उपविधियों और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों को सील करने का अभियान चलाया जाएगा। यह कदम मालवीय नगर स्थित एक ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) होटल में भीषण आग लगने की घटना के बाद उठाया जा रहा है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई। इस हादसे ने क्षमता से अधिक संचालन तथा भवन के स्वीकृत नक्शे के बिना बड़े पैमाने पर नियमों के उल्लंघनों को उजागर कर दिया है। एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिस इमारत में यह घटना हुई, उसके खिलाफ पहले कभी किसी उल्लंघन का मामला दर्ज नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, ”इस इमारत पर कभी किसी उल्लंघन के लिए मामला दर्ज नही किया गया।

इसका भवन नक्शा भी कभी स्वीकृत नहीं हुआ था।” अधिकारियों ने इसी इमारत के भूतल पर संचालित एक रेस्तरां में भी अनियमितताओं की ओर इशारा किया। एक अन्य अधिकारी ने कहा, ”बी एंड बी योजना के तहत व्यावसायिक रसोईघर या पूर्ण रूप से संचालित रेस्तरां की अनुमति नहीं होती। केवल सीमित आतिथ्य सेवाओं की अनुमति दी जाती है।” वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ‘स्नैक्स एंड बाइट्स’ नाम से संचालित इस प्रतिष्ठान को पहले केवल चाय और हल्के-फुल्के नाश्ते की दुकान चलाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसका लाइसेंस अप्रैल में समाप्त हो गया था। उन्होंने कहा, ”जिसे स्नैक्स आउटलेट के रूप में दिखाया गया था, वह वास्तव में एक पूर्ण रेस्तरां की तरह संचालित हो रहा था।” अधिकारियों के मुताबिक, यह इमारत लाल डोरा क्षेत्र में स्थित है, जहां स्वीकृत लेआउट योजनाओं के अभाव में भवन निर्माण नियमों का पालन करवाना ऐतिहासिक रूप से कमजोर रहा है। इस मामले में छह कमरों के संचालन की अनुमति दी गई थी, लेकिन वास्तविकता में इसका उपयोग कहीं बड़े पैमाने पर किया जा रहा था। अब एमसीडी ने दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक सर्वेक्षण शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में अवैध व्यावसायिक संपत्तियों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से उन्हें सील किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”बृहस्पतिवार से दक्षिणी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग अभियान शुरू किया जाएगा।” अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। हालिया निरीक्षणों में कई अवैध निर्माण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियां सामने आई हैं। यह निरीक्षण इस सप्ताह साकेत में एक इमारत ढहने की घटना के बाद तेज किए गए थे। इस हादसे के बाद नियम उल्लंघनों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया गया।












