
मणिपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में एक बार फिर हिंसा भड़क गई। हथियारबंद हमलावरों ने तीन लियांगमई नगा गांवों को निशाना बनाया। इस दौरान हमलावरों ने करीब 30 से ज्यादा घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जब एक ग्रामीण गोली लगने से जख्मी हो गया। हिंसा के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, हमला मंगलवार सुबह करीब 4 बजे टापोन खुल्लेन, टापोन खुनौ और माकुई पिपुराम गांव में हुआ। हमलावरों ने पहले गोलीबारी की और इसके बाद कई घरों और अन्य संपत्तियों में आग लगा दी। सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने के बाद भी कई घंटों तक रुक-रुककर गोलीबारी होती रही।

हालात को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), उसकी कोबरा इकाई और मणिपुर पुलिस के अतिरिक्त जवानों को इलाके में तैनात किया गया। सुरक्षाबलों ने गांवों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी करीब दोपहर 12:30 बजे तक जारी रही। सुरक्षा बलों की शुरुआती जांच में कम से कम 30 घरों के जलने या क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। इसके अलावा कई वाहन और दूसरी संपत्तियां भी आगजनी में नष्ट हुई हैं। अधिकारियों ने कहा कि नुकसान का आकलन अभी जारी है, इसलिए प्रभावित संपत्तियों की अंतिम संख्या बाद में सामने आएगी।











