
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट- नीरज धीमान। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब ने 2 अक्टूबर को मनाए जाने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ के उपलक्ष्य में राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक ‘अहिंसा सप्ताह’ (Week of Nonviolence) आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। गांधी रिसर्च फाउंडेशन, जलगांव के सहयोग से इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अहिंसा, शांति, सामाजिक सद्भाव, समानता, मानवाधिकार और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।

दैनिक गतिविधियों की समय-सारणी
विभाग द्वारा सप्ताह भर चलने वाली विभिन्न प्रेरक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई है:
- 29 सितंबर: निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता और स्लोगन लेखन का आयोजन किया जाएगा।
- 30 सितंबर: प्रश्नोत्तरी (क्विज), चित्रकला प्रतियोगिता, शांति गीत व कविता पाठ तथा महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जूनियर जैसे वैश्विक नेताओं पर प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित होंगे। सोशल मीडिया पर शांति संदेश भी साझा किए जाएंगे।
- 1 अक्टूबर: नाटक, नुक्कड़ नाटक और संगीत कार्यक्रमों का मंचन होगा।
- 2 अक्टूबर (गांधी जयंती): शहर के प्रमुख केंद्रों पर शांति मार्च, बैनर-तख्तियों के साथ प्रदर्शन, सार्वजनिक सभा, पोस्टर प्रदर्शनी, वीडियो प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों द्वारा शांति व अहिंसा की विशेष शपथ ली जाएगी।
- 4 अक्टूबर: स्वदेशी, जैविक और खादी दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें साहित्य बिक्री के साथ-साथ ‘गांधी‘ और ‘इनकनवीनिएंट ट्रुथ‘ जैसी प्रेरक फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
रिपोर्ट और दिशानिर्देश SCERT निदेशक द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियों को अधिकतम छात्र भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में आयोजित गतिविधियों की संक्षिप्त रिपोर्ट और तस्वीरें जिला स्तर पर संकलित करके 5 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित ई-मेल पर विभाग को भेजी जाएंगी।












