
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर में बन रहीं इमारतों के वैध एवं अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम द्वारा पूरी सख्ती के साथ चैकिंग की जा रही है तथा नियमों के विपरीत निर्माण करने वालों पर सख्त कार्यवाही भी अमल में लाई जा रही है। लेकिन बावजूद इसके कुछ लोगों को नियमों को धत्ता बताने की आदत सी पड़ गई नज़र आ रही है तथा उन्हें नियमों एवं कानून का कोई डर प्रतीत होता नहीं दिख रहा। जिसके चलते वह मनमर्जी से इमारत का निर्माण करने में लगे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- https://www.thestellarnews.com/news/242936 (3-4 मंजिल ही नहीं, दुकान की पिछली तरफ भी ताक पर नियम, कवर किया अधिक एरिया, निगम ने कार्यवाही को कसी कमर)
ऐसा ही एक मामला शहर की सब्जी मंडी भगवान वाल्मीकि चौक के समीप देखने को मिल रहा है। जहां पर एक दुकानदार द्वारा बिना नक्शा पास करवाए इमारत को बहुमंजिला बनाने का सिलसिला लगातार जारी है। और तो और निगम द्वारा काम रुकवाए जाने के बावजूद न जाने दुकानदार के पास कौन सी ऐसी पहुंच है, जिसके दम पर कार्य प्रगति पर है। हालांकि, इस बारे में निगम द्वारा सख्त एवं कानूनी कार्यवाही किए जाने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन वह कब होगी यह अभी स्पष्ट नहीं। छोटे-छोटे दुकानदारों एवं 4-5 मरले में घर बनाने वालों को तो नोटिस पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, मगर दिनों में ही इतनी बड़ी इमारत बन गई और किसी ने इसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटाई।
निगम अधिकारियों से पता चला है कि उक्त इमारत को लेकर रुख बिलकुल साफ है तथा बनती कार्यवाही को अमल में लाया जा रहा है तथा जल्द ही इसे सील कर दिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि निगम द्वारा यह कार्यवाही कितनी तेजी से अमल में लाई जाती है या फिर शहर में मास्टर प्लान या नियमों के विपरीत और कितनी इमारतों का निर्माण होता रहेगा।












