
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। नगर निगम की सहायक कमिशनर अमनदीप कौर (अंडर ट्रेनिंग, पीसीएस) ने आज कमिशनर ज्योति बाला मट्टू के निर्देशों पर शहर के विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को अपना सामान शटर की हद तक ही रखने की नसीहत दी। इस दौरान उनके निर्देशों पर बाहर सामान रखने वालों के चालान भी काटे गए। इस अवसर पर सहायक कमिशनर अमनदीप कौर ने कहा कि नियमों का उलंघन करने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सामान रखने से यातायात अवरुद्ध होता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे जहां आम लोग परेशान होते हैं वहीं दुकानदारों का भी नुकसान है। क्योंकि, बाहर सामान लगा होने के कारण ग्राहक अपना स्कूटर या ममोटरसाइकिल खड़ा नहीं कर पाता, जिससे दुकानदार की ग्राहकी पर असर पड़ता है। इसलिए अपनी और दूसरों की सहूलत के लिए नियमों का पालन करें।
सहायक कमिशनर ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि चैकिंग दौरान नियमों की अवहेलना करने वालो पर सख्त कार्यवाही की जाएगी और चालान काटे जाएंगे। इस मौके पर सुपरिंटेंडेंट गुरमेल सिंह, इंस्पैक्टर अमित मरवाहा व इंद्रजीत सिंह आदि स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे।












