
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत, चालकों को सरकार द्वारा बनाये गये यातायात के नियमों के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से अविनाश राय खन्ना की लिखी कहानी पर बनाई जा रही फिल्म ’’नो चालान करो ध्यान’’ का क्लाइमेक्स आज यहां स्थानीय रयात बाहरा यूनिवर्सिटी में फिल्माया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर चंद्र मोहन और अविनाश राय खन्ना ने संयुक्त रुप से क्लैप देकर शूटिंग के महुर्त शॉट का शुभारंभ किया। इस फिल्म के निर्देशक रंग मंच के मशहूर कलाकार अशोक पुरी हैं।

’’नो चालान करो ध्यान’’ फिल्म में पंजाबी के मशहूर कलाकार संता-बंता, चंद्र मोहन, अशोक पुरी, पिंदा मखौलिया, पवन सिंह, सुखवीर चट्ठा, संजू अरोड़ा, अजय सहदेव और नैंसी अरोड़ा दिखाई देंगे। इस फिल्म में बहुरंग कलामंच द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे रंगमंच अभियान में सक्रिय गुरमेल धालीवाल, कमलजीत कौर, हीरा मेगोवालिया, शशि कुमार, अमृत लाल, महेश कुमार के साथ बाल कलाकार युद्धवीर सिंह भी दिखाई देंगे। इसके कैमरामैन रोहित कुमार और एडिटर नरेश एस. गर्ग हैं।
फिल्म के क्लाइमेक्स शूट के अवसर पर अविनाश राय खन्ना ने बताया कि फिल्म ’’गोल्ड मेडल दा दहेज’’, जो कि दहेज प्रथा के प्रति जागरूक करवाती है, के बाद उनकी लिखी कहानी ’’नो चालान’’ पर श्री ग्रेसा फिल्म्स द्वारा बनाई जा रही यह फिल्म ’’नो चालान करो ध्यान’’ दिसंबर महीने के मध्य में रिलीज़ की जाएगी। उन्होंने समस्त कलाकारों को इस अभियान में दिए गए योगदान के लिए मुबारकबाद दी। इस अवसर पर निर्देशक अशोक पुरी ने बताया कि इस फिल्म में करीब 30 से अधिक कलाकारों ने अहम किरदार निभाए हैं। जल्द ही श्री ग्रेसा फिल्म्स के माध्यम से हम दर्शकों के रूबरू होंगे।












