
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (सेकेंडरी) पंजाब, द्वारा राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (सेकेंडरी और एलीमेंट्री) को एक महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश के माध्यम से सरकारी स्कूलों के रखरखाव और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़ा एक अहम फैसला लिया गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि जिन सरकारी स्कूलों के मुख्य गेटों पर लगे बोर्डों से महत्वपूर्ण हस्तियों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम का पेंट उतर गया है या वे फीके पड़ गए हैं, उन्हें तुरंत दोबारा पेंट करवाकर नए सिरे से लिखवाया जाए।

शिक्षा विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे ‘अति आवश्यक’ करार दिया है। सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे नामों को फिर से लिखवाकर ऐसे स्कूलों की सूची 14 अगस्त 2026 तक मुख्य कार्यालय को वापसी डाक द्वारा भेजना सुनिश्चित करें। सहायक डायरेक्टर (सेकेंडरी शिक्षा) की ओर से जारी इन आदेशों पर आगे की कार्रवाई करते हुए, सभी स्कूल मुखियों को भी इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने और इसकी रिपोर्ट दफ्तर को सौंपने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।












