
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़): दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) के स्थानीय आश्रम गौतम नगर में साप्ताहिक आध्यात्मिक सत्संग समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर संस्थान के संस्थापक एवं संचालक सर्व श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी विज्ञानानंद जी ने अपने ओजस्वी और ज्ञानवर्धक विचारों से संगत को लाभान्वित किया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए स्वामी जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रत्येक पर्व अपने भीतर जीवन जीने की एक गहन कला संजोए हुए है।

महाभारत काल में महारथी कर्ण द्वारा प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव की उपासना करने और वनवास के दौरान द्रौपदी द्वारा संकटों से मुक्ति के लिए छठ व्रत रखने के ऐतिहासिक प्रसंग इस पर्व की प्राचीनता को दर्शाते हैं। स्वामी जी ने एक रोचक दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि जहां विश्व भर में केवल उगते हुए सूरज को सलाम करने की परंपरा रही है, वहीं हमारी सनातन संस्कृति इतनी परिपक्व और संवेदनशील है कि वह डूबते हुए सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से अर्घ्य अर्पित करती है। यह इस बात का द्योतक है कि जीवन में जो अस्त हो रहा है, उसका भी उतना ही सम्मान होना चाहिए क्योंकि वही अगले दिन के नवोदय का आधार बनता है। विज्ञान भी इस तथ्य को प्रमाणित करता है कि प्रातः और सायंकाल के समय सूर्य की किरणों से मिलने वाली ऊर्जा मानव शरीर और मस्तिष्क को सकारात्मकता से भर देती है, परंतु आध्यात्मिक दृष्टि से यह बाहरी सूर्य उस परम चेतना का प्रतीक मात्र है जो प्रत्येक जीव के भीतर प्रकाशमान है।












