
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर शिरोमणि अकाली दल द्वारा आयोजित विशाल युवा सम्मेलन में जिला होशियारपुर के अध्यक्ष संजिव तलवाड़ ने युवाओं को पार्टी की संगठनात्मक ताकत का अहम हिस्सा बनाने की अपनी सोच को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा हलका होशियारपुर के यूथ विंग की जिम्मेदारी गुरविंदर सिंह लक्की को सौंपी।

इस अवसर पर संजीव तलवाड़ ने कहा कि गुरविंदर सिंह लक्की का युवाओं के साथ मजबूत संपर्क, सलीके से काम करने की कार्यशैली और संगठनात्मक क्षमता पार्टी के लिए लाभदायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जिम्मेदारियां सौंपकर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे से जोड़ना समय की आवश्यकता है। समागम की अध्यक्षता करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट सरदार हरजिंदर सिंह धामी ने युवाओं को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब का युवा गुरु साहिबान के साहिबजादों और शहीद भगत सिंह जैसे सूरबीरों को अपना मार्गदर्शक मानता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की ओर अपेक्षित ध्यान न दिए जाने के कारण उनमें निराशा पैदा हुई है और शिरोमणि अकाली दल युवाओं के लिए व्यापक कार्यक्रम लेकर आएगा।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि, पूर्व चीफ पार्लियामेंटरी सेक्रेटरी एवं शिरोमणि अकाली दल कोर कमेटी के सदस्य एन. के.शर्मा ने कहा कि आज पंजाब के युवाओं को केवल दिशा देने की ही नहीं, बल्कि उनकी सोच और ऊर्जा से सीखने की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा पंजाब की समस्याओं को समझते हैं और अपने भविष्य को लेकर जागरूक हैं। उन्होंने नशे के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस समस्या ने अनेक परिवारों को प्रभावित किया है। एन. के. शर्मा ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पंजाब के भविष्य की राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की लीडरशिप और युवाओं की संयुक्त भूमिका से पंजाब तथा पंजाबियत से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाया जा सकता है। इस अवसर पर सुरिंदर सिंह भुल्लेवाल राठां, जतिंदर सिंह लाली बाजवा और सतिंदर पाल ढट्ट ने युवाओं को पार्टी की रीढ़ की हड्डी बताते हुए उन्हें पूरा मान-सम्मान और जिम्मेदारियां देने की बात कही।
नवनियुक्त यूथ विंग अध्यक्ष गुरविंदर सिंह लक्की ने संजीव तलवाड़ और समूची पार्टी लीडरशिप का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने के लिए वह पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका होशियारपुर के प्रत्येक बूथ पर युवाओं की मजबूत टीम तैयार कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ लीडरशिप के अलावा युवा नेता मनप्रीत सिंह सैनी, सर्वजीत सिंह सभ्बी, मनदीप सिंह गिक्का, नीरज शर्मा, सुशील ठाकुर, सरबजीत सिंह धामी, रोहित ढुग्गा, हिमेश शेरगिल काका सहित सैकड़ों युवा उपस्थित थे।












