
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी की ओर से 6 सितंबर को माता शीतला देवी मंदिर, कस्बा हरियाणा, होशियारपुर में कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित लोगों को आंखों की रोशनी वापस दिलाने के उद्देश्य से नि:शुल्क जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शंकरा आई अस्पताल लुधियाना के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीजों की आंखों की जांच करेगी और जरूरतमंद मरीजों को कॉर्नियल ट्रांसप्लांट संबंधी उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा। बैठक के दौरान कैंप के आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मंदिर व अस्पताल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने शिविर के आयोजन में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सोसायटी प्रधान जे. बी. बहल ने कहा कि संस्था पिछले लंबे समय से कॉर्नियल अंधेपन (खराब पुतली) से पीड़ित लोगों को दोबारा रोशनी प्रदान करने की सेवा कर रही है। उन्होंने बताया कि सोसायटी अब तक छोटे बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के 4173 कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन करवा चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध करवाया जाए।
इस अवसर पर जन सेवा सोसाइटी के चेयरमैन प्रिं. शादी लाल आनंद व बलविंदर सिंह ने कहा कि माता शीतला देवी मंदिर में इस प्रकार का नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित होना समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण सेवा है। उन्होंने बताया कि शिविर में जरूरतमंदों मरीजों की आँखों कि जांच के साथ- साथ सफेद मोतियाबिंद का ऑपरेशन व दवाइयां निःशुल्क वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी की ओर से कैंप को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा और उन्होंने लोगों से अपील की कि सफेद मोतियाबिंद व कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित जरूरतमंद मरीज इस कैम्प का लाभ जरूर उठाएं।
इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने बताया कि कैंप में मरीजों की जांच के बाद जिन लोगों को कॉर्नियल ट्रांसप्लांट की आवश्यकता होगी, उन्हें आगे के उपचार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास ऐसे किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी होने पर उसे 6 सितंबर को माता शीतला देवी मंदिर में आयोजित नि:शुल्क जांच शिविर में लेकर आएं। इस अवसर पर जसवीर कंवर, प्रो राजीव शर्मा, कैम्प इंचार्ज गुरजोत सिंह व अन्य उपस्थित थे।












