Wednesday, October 28, 2026
Home Hoshiarpur संजीव तलवाड़ की पुस्तक ‘Gen Z: देश का भविष्य बनाम सियासत के...

संजीव तलवाड़ की पुस्तक ‘Gen Z: देश का भविष्य बनाम सियासत के मोहरे’ युवाओं को आदर्श राजनीति की राह दिखाएगी: हरजिंदर धामी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लेखक संजीव तलवाड़ की पुस्तक ‘Gen Z: देश का भविष्य बनाम सियासत के मोहरे’ राजनीति में आदर्शों के महत्व, युवाओं की भूमिका और राजनीतिक दलों में काम करने वाले कार्यकर्ताओं की स्थिति पर गंभीर चर्चा को सामने लाती है। यह विचार शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष सरदार हरजिंदर सिंह धामी ने पुस्तक पर आयोजित समीक्षा चर्चा के दौरान व्यक्त किए। हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि आदर्शों का पालन किए बिना राजनीति नहीं चल सकती, चाहे कोई भी राजनीतिक दल हो या उसमें काम करने वाले युवा कार्यकर्ता। उन्होंने कहा कि संजीव तलवाड़ ने अपनी पुस्तक के माध्यम से युवाओं को आदर्श राजनीति की राह दिखाने के साथ-साथ राजनीतिक दलों में कार्यकर्ताओं के हो रहे शोषण और उनसे जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।

Advertisements

इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री एन.के. शर्मा ने कहा कि यह पुस्तक राजनीति में काम करने वाले युवाओं के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में इस बात को प्रमुखता से उठाया गया है कि युवा राजनीतिक कार्यकर्ताओं का शोषण कैसे रोका जा सकता है और वे समाज तथा अपने राजनीतिक दल की सेवा किस प्रकार कर सकते हैं। उनके अनुसार, युवाओं को राजनीति में अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों को समझने के लिए ऐसी पुस्तकों से मार्गदर्शन मिलता है। सीनेट सदस्य संदीप सीकरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति में आने वाले युवाओं के सामने एक महत्वपूर्ण सवाल यह होता है कि वे किसे अपना राजनीतिक गुरु मानें और किससे मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शक का चुनाव करना कई बार कठिन हो जाता है। संजीव तलवाड़ की यह पुस्तक युवाओं की इस दुविधा को दूर करने में सहायक हो सकती है।इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्र गढ़शंकर के प्रभारी सरदार सुरिंदर सिंह भुल्लेवाल राठां, शिरोमणि अकाली दल के पंजाब उपाध्यक्ष जतिंदर सिंह लाली बाजवा और सतिंदर पाल सिंह ढट्ट ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने राजनीति में युवाओं की भूमिका, आदर्शों के महत्व, राजनीतिक कार्यकर्ताओं के अधिकारों तथा उन्हें सही दिशा देने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here