
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के लिए नए बड़े कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने कहा है कि जनता के खून पसीने की कमाई से भरे टैक्सों का पैसा सोच समझ कर उन प्रोजैक्टों पर ख़र्च करना चाहिए जो कि जनता के काम आ सके। उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा सरकार के समय विवाह, शादियों तथा अन्य समाजिक समारोह के लिए उनके द्वारा एक कम्युनिटी सेंटर तथा पार्टी लॉन गौतम नगर में तैयार करवाया गया जो कि नगर निगम द्वारा बनाई गई कमेटी लोगो को अपने कार्यक्रमो को मामूली पैसे लेकर देती है। उसके बाद कांग्रेस सरकार के समय थोड़ी ही दूरी पर बहुत महिंगी जमीन पर स्थानीय विधायक द्वारा एक कम्युनिटी सेंटर यह कह कर बनवाया गया कि विवाह , शादियों के लिए एक अच्छी जगह मात्र 21000 रुपये में लोगों को उपलब्ध होगी। परन्तु अफ़सोस की बात है कि उस कम्युनिटी सेंटर को अब मैरिज पेलिस के नाम पर ठेकेदार चला रहे है तथा 100000 से अधिक किराये के अतिरिक्त केटरिंग आदि भी ठेकेदार ही दे रहा है यानि सरकारी जमीन पर सरकारी धन से बनी इमारत का फायदा ठेकेदार उठा रहा है।

अब उनके साथ लगती बाकी जमीन पर एक और कम्युनिटी सेंटर बनाने का फैसला तुग़लकी फरमान जैसा लग रहा है। अगर शहर को कोई नया कम्युनिटी सेंटर देना है तो शहर के दूसरे किनारे पुर हीरां व पीपलवाला के नज़दीक देना चाहिए। ताकि अन्य जरुरत मंद लोग भी इसका फायदा उठा सके। परंतु अगर कम्युनिटी सेंटर बना कर ठेकेदारों के जरिये मैरिज पैलेस ही बनाना है तो वह सरकारों का काम नहीं है। सरकारी ज़मीन के उद्योग तथा सरकारी पैसे को खरचने के लिए जनता की जरुरतों को देखते हुए प्रोजैक्ट बनाने चाहिए। इस समय सबसे अधिक जरुरत शहर के लिए एक अच्छे ऑडिटोरियम की है। जिसके लिए उनकी अपनी सरकार के होते हुए पूरा प्रोजैक्ट तैयार करवाया गया था। मौजूदा विधायक शहर को कुछ अच्छा देना चाहते है तो एक बढ़िया सा ऑडिटोरियम बनवा कर दिया जा सकता है वरना पूरा शहर टूटी सड़को, सीवरेज, पीने के पानी की समस्याओं से बुरी तरह जूझ रहा है।












