
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्रीराम लीला कमेटी की तरफ से प्रधान गोपी चंद कपूर की अगुवाई में करवाए जा रहे दशहरा महोत्सव के आठवें दिन सीता हरण के प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंग से रूबरू करवाया। मंचन के दौरान दिखाया गया कि रावण की बहन सूर्पनखा जब भगवान लक्ष्मण के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखती है और लक्ष्मण जी उसके प्रस्ताव को अस्वीकार कर देते हैं, तो वह विवाद करने लगती है। इस पर लक्ष्मण जी उसकी नाक काट देते हैं।

अपनी बहन के अपमान से क्रोधित होकर रावण माता सीता का हरण करने की योजना बनाता है। योजना के तहत रावण का मामा मारीच सोने के हिरण का रूप धारण कर श्रीराम की कुटिया के सामने विचरण करने लगता है। सोने के हिरण को देखकर माता सीता श्रीराम से उसे पकड़ने का आग्रह करती हैं। श्रीराम हिरण के पीछे चले जाते हैं। कुछ समय बाद मारीच श्रीराम की आवाज में पुकार लगाता है, जिसे सुनकर माता सीता लक्ष्मण जी को उनकी सहायता के लिए भेज देती हैं। इसी अवसर का लाभ उठाकर रावण साधु का वेश धारण कर कुटिया में पहुंचता है और माता सीता का हरण कर ले जाता है।
इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शक भावुक हो गए। इस मौके पर शिव सूद, प्रदीप हांडा, राकेश सूरी, संजीव ऐरी, राम अग्रवाल, रमेश मेहता, कमल वर्मा, राजिंदर मोदगिल, तरसेम मोदगिल, हरीश आनंद, अजय जैन, दीपक वालिया, कपिल हांडा, आशीष वर्मा, वरुण कैंथ, सुनील पराशर, दीनेश गुप्ता, अश्वनी शर्मा छोटा, कुनाल चतरथ, पवन शर्मा, वरुण ऐरी, दविंदरनाथ बिंदा, सुशील पडियाल, राकेश डोगरा, राजेश सेठी, मनोज दत्ता, कृष्ण गोपाल मोदगिल, भारत भूषण वर्मा, राजन गुप्ता मिंटू, शिव जैन, वरुण शर्मा आशू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री राम लीला का मंचन देखा और प्रभु महिमा का गुणगान किया।












