
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिस प्रकार चंडीगढ़ की पार्कों में ओपन जिम खोले गए हैं उसी की तर्ज पर होशियारपुर में भी ओपन जिम खोले जाएंगे ताकि पार्कों में आने वाले लोग सैर के साथ-साथ एक्सरसाइज भी कर सकें। इन पार्कों का जहां युवाओं को लाभ मिलेगा वहीं बुजुर्गों के लिए भी यह जिम काफी लाभप्रद साबित होंगे। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री उद्योग एवं वाणिज्य पंजाब सुन्दर शाम अरोड़ा ने इस सबंधी नगर निगम अधिकारियों एवं कांग्रेसी नेताओं व पार्षदों के साथ बैठक में दी। उन्होंने बताया कि ओपन जिम लगाने के लिए फिलहाल कुछ जगहों का चुनाव किया गया है तथा उन्होंने पार्षदों से कहा कि अगर उनके वार्ड में कोई ऐसी जगह हो जहां लोग सैर करने के लिए आते हों और वहां पर करीह 4-5 कनाल भूमि की व्यवस्था हो तो वहां पर ओपन जिम खोला जा सकता है।

कांग्रेसी नेताओं, पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ बातचीत में कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने दी जानकारी
उन्होंने कहा कि यह जिम बिना भेदभाव एवं पार्टीबाजी से ऊपर उठकर लगाए जाएंगे तथा अगर किसी के वार्ड में जिम लगाए जाने योग्य भूमि है तो वह इसका लाभ ले सकता है। श्री अरोड़ा ने कहा कि यह जिम वह राजनीतिक स्वार्थों के चलते नहीं लगवा रहे हैं बल्कि उनका उद्देश्यों तो मात्र इतना है कि शहर के लोग सेहतमंद रहें तथा सेहतमंद लोग शहर के विकास में बेहतर ढंग से योगदान डाल सकते हैं। उन्होंने बैठक में मौजूद निगम कमिशनर बलबीर राज एवं सहायक कमिशनर संदीप तिवाड़ी से कहा कि वे भी ऐसे स्थानों का चुनाव करें जहां पर जिम लगाया जा सके और इनका आम जनता को लाभ मिल सके। इस मौके पर उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों संबंधी भी चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो ठेकेदार काम अलाट होने के बावजूद काम नहीं कर रहे उन्हें बिना किसी भेदभाव के डी-बार किया जाए।
काम अलाट होने के बावजूद काम न करने वाले ठेकेदारों को किया जाए डी-बार
इस मौके पर पार्षदों द्वारा यह बताए जाने कि कुछेक ठेकेदारों का कहना है कि उन्हें पैसे नहीं मिले तो वह काम कैसे करें का भी कड़ा संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे ठेकेदारों को भी चिनहित किया जाए और आगे से उन्हें काम अलाट न किया जाए। जनता को सुवधाएं मुहैया करवाए जाने के साथ किसी तरह का समझौता न किया जाए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि वह विकास कार्यों के टैंडर तुरंत लगवाएं और जल्द से जल्द कार्य शुरु करवाने संबंधी समस्त औपचारिकताएं पूरी करें। अगर इन कार्यों में किसी तरह की कोई परेशानी पेश आती है तो उनके ध्यान में लाई जाए ताकि समय रहते उनका हल करके विकास कार्य शुरु करवाए जा सकें।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. कुलदीप नंदा, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राकेश मरवाहा, ब्लाक अध्यक्ष कैप्टन कर्मचंद, पार्षद सरवन सिंह, खरैती लाल कतना, कुलविंदर सिंह हुंदल, तीर्थ राम, रजनी डडवाल, परवीन सैनी, सुरेश कुमार, कमलजीत कटारिया, सुरिंदरपाल सिद्धू, कृष्ण कुमार निक्का, नरिंदर कौर, रमेश डडवाल सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।











