Sunday, October 25, 2026
Home National एचआईएल ने 451 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के लिए...

एचआईएल ने 451 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समझौते पर किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम–हिन्‍दुस्‍तान इन्सेक्टिसाइड्स लिमिटेड यानी एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष (2020-21) में 451 करोड़ रुपये का राजस्‍व लक्ष्‍य प्राप्‍त करने के लिए हाल में रसायन एवं पेट्रो-केमिकल विभाग के साथ एक समझौते पर हस्‍ताक्षर किए हैं। एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड के अध्‍यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एस.पी. मोहंती और रसायन एवं पेट्रो-केमिकल विभाग के सचिव राजेश कुमार चतुर्वेदी ने अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समझौते पर हस्‍ताक्षर किए।

Advertisements

श्री मोहंती ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में एचआईएल (इंडिया लिमिटेड) के लिए 451 करोड़ रुपये के लक्ष्‍य पहुंच-योग्‍य है और इसे आसानी से प्राप्‍त किया जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि यदि हम पिछली दो तिमाहियों के दौरान एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड के निष्‍पादन पर गौर करें तो पाते हैं कि इसने 65 प्रतिशत की उल्‍लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। श्री मोहंती ने कहा कि इस कंपनी ने पहली दो तिमाहियों में 530.10 एमटी मैलाथियन टेक्‍नि‍कल का उत्‍पादन किया, जबकि इसने पिछले वर्ष की इस अवधि के दौरान 375.5 एमटी मैलाथियन टेक्‍नि‍कल का उत्‍पादन किया था, जो इसकी स्‍थापना से लेकर अब तक का सर्वाधिक उत्‍पादन है।

इसके अलावा, कंपनी ने पहली दो तिमाहियों में इस उत्‍पाद के लिए अब तक की सर्वाधिक बिक्री भी दर्ज की है तथा कृषि मंत्रालय के टिड्डी नियंत्रण कार्यक्रम और कीट नियंत्रण के लिए देश भर के नगर निगमों जैसे विभिन्‍न संस्‍थाओं के लिए पूरी मात्रा में आपूर्ति की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here