स्वामी विवेकानंद के प्रयासों से भारत के सनातन की खूबियों के अनमोल खजाने का विश्व को पता चला: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारत विकास परिषद होशियारपुर की बैठक प्रधान राजिंदर कुमार मोदगिल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें प्रसिद्ध समाज सेवी एवं प्रांतीय कन्वीनर (आई डोनेशन) संजीव अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित हुए। भारत विकास परिषद द्वारा स्वामी विवोकानंद जी की 158वें जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें स्वामी विवेकानंद जी के संदेश को आज के युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। सर्वप्रथम भारत विकास परिषद के सदस्यों द्वारा स्वामी जी को पुष्प माला डालकर फूल चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। प्रधान राजिंदर मोदगिल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था उनके बचपन का नाम नरिंदर नाथ दत्त था उनके पिता विश्वनाथ दत्त थे तथा माता भुवनेश्वरी देवी धार्मिक विचारों वाली महिला थीं। स्वामी जी का अधिकांश समय भगवान शिव की पूजा अर्चना में व्यतीत होता था और वह बचपन से ही तीव्र बुद्धि के मालिक थे। उन्होंने अपना जीवन अपने गुरूदेव राम कृष्ण परम हंस को समर्पित कर दिया था। श्री मोदगिल ने बताया कि वो आज भी युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं जिन्होंने हिंदूत्व तथा सनातन धर्म का प्रचार विश्व भर में किया।

Advertisements

इस मौके पर प्रमुख समाज सेवी एवं प्रांत कन्वीनर संजीव अरोड़ा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने अमेरिका में आयोजित हुई सर्वधर्म सभा में अपने पहले भाषण में ही दुनिया को भारत की आध्यात्मिक शक्ति का परिचय दिया तथा इनके प्रयासों से दुनिया को गुलाम भारत के इस अनमोल खजाने का पता चला। उन्होंने बताया कि स्वामी जी का युवा आयु में 4 जुलाई 1902 को निधन हो गया था जब वह ध्यान कर रहे थे। 2-3 घंटे ध्यान उपरांत ध्यान अवस्था में उन्होंने महासमाधी ले ली तथा बलूर में गंगा तट पर चंदन की चिता पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसी गंगा तट के दूसरी और उनके गुरू राम कृष्ण परम हंस का 16 वर्ष पूर्व अंतिम संस्कार किया गया था। वहां अब एक मंदिर बनाया गया है और समस्त विश्व में विवेकानंद व उनके गुरू राम कृष्ण के संदेशों के प्रचार के लिए 130 से अधिक केन्द्रों की स्थापना की गई है। अंत में सचिव एच.के. नाकड़ा तथा एन.के. गुप्ता ने भी संबोधित किया तथा आए हुए सदस्यों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर दीपक मेहंदीरत्ता, एनके गुप्ता, एच.के. नाकड़ा, रिक्की सेतिया, जगदीश अग्रवाल, रविंदर भाटिया, नवीन कोहली, दविंदर अरोड़ा, एडवोकेट गौरव गर्ग, राजीव मनचंदा तथा अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here