
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के भाजपा नेता एवं अलग-अलग संस्थाओं से जुड़े समाज सेवी अश्विनी छोटा ने भाजपा और भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री की नीतियों से दुखी एवं कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर साथियों सहित कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। उनकी अगुवाई में दीपक पुरी, पुनीत शर्मा, विकास शर्मा, एडवोकेट विकास शर्मा शास्वत, राजेश शर्मा, चरनजीत सेठी एवं मनीश शर्मा आदि कांग्रेस में शामिल हुए। इस मौके पर कांग्रेस में स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान सम्मान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अश्विनी छोटा एवं इनके साथी समाज सेवा को समर्पित हैं तथा ऐसे लोगों का कांग्रेस में सदैव सम्मान किया जाता है। इस मौके पर अश्विनी छोटा ने कहा कि वह भाजपा एवं होशियारपुर निवासी एक भाजपा नेता जोकि पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं की नीतियों से दुखी होकर भाजपा छोड़ रहे हैं। क्योंकि उक्त नेता आए दिन बिना मतलब की बयानबाजी करके जनता को गुमराह करने की राजनीति करते हैं। इतना ही नहीं पिछले कई सालों तक सरकार में रहने के बावजूद उन्होंने शहर का जमीनी स्तर के विकास के बारे में कुछ भी नहीं सोचा।
इतने बड़े कद के होने के बावजूद भी उन्होंने शहर के विकास को कभी प्राथमिकता नहीं दी। बल्कि छोटे-छोटे मुद्दों पर भी औछी राजनीति करके हमेशा ही जनता को गुमराह ही किया है। जिस कारण उनका पार्टी से मोह भंग हो चुका था। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा द्वारा शहर की कई जटिल समस्याओं को दूर करवाया गया है तथा कई बड़े प्रोजैक्ट इनकी देन हैं। जिनका सभी पर विशेष प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है।











