लोगों को गुमराह कर सत्ता हासिल करने वाली ‘आप’ सरकार एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं कर पाई: उमेश शारदा

कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: गौरव मढिय़ा। पंजाब भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उमेश शारदा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। आलम यह है कि प्रदेश में इस समय जंगल राज चल रहा है और आए दिन गोलियां चल रही है व हत्याएं हो रही है। सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उमेश शारदा ने आप सरकार पर पंजाब और पंजाबियत की फिक्र न कर सिर्फ सत्ता सुख लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि आप सरकार ने लोगों को गुमराह कर प्रदेश में सत्ता हासिल की और इस दौरान पंजाब वासियों से बड़े-बड़े लुभावने वादे किए। वहीं, सत्ता में आने के बाद सरकार अभी तक अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। उमेश शारदा ने कहा कि आप सरकार की ओर से रोजाना कोई न कोई नई घोषणा की जाती है। लेकिन इसे धरातल पर उतारा नहीं जा रहा है, सिर्फ घोषणाएं ही है। लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उमेश शारदा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आप की सरकार बनने के अब तक एक दर्जन से अधिक जगहों पर गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी है, जिनमें लुधियाना, जालंधर, फगवाड़ा, मोगा व कस्सूयाणा के बाद अब जिला गुरदासपुर में चार लोग दिन दिहाड़े हुई गोलीबारी में मारे गए है। गरीब लोगों की बददुआएं ही सरकार को ले डूबेंगी। कानून व्यवस्था लोगों का प्राथमिक हक है लेकिन जहां कानून व्यवस्था नहीं होगी, वहां लोगों का जीना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था किसी पार्टी की मोहताज नहीं होती है व प्रत्येक देशवासी के लिए होती है। कानून व्यवस्था लोगों का संवैधानिक अधिकार है। यहां आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा न हों, वहां सरकार अधिक देर नहीं चलती। पंजाब में केजरीवाल व भगवंत मान की ओर से दस दिनों में भ्रष्टाचार खत्म करने के हास्यप्रद दावे किए जा रहे है। यह सरकार पंजाब में बातों से नहीं चलेगी बल्कि इसके लिए सरकार को सख्त प्रभाव वाले कदम उठाने होंगे। उमेश शारदा ने आरोप लगाया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश के हालात बिगड़ रहे है और पंजाब में सुरक्षा का माहौल नहीं रहा है। प्रदेश में गोलियां चलने और हत्या होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही है, वहीं हर तरफ अराजकता का माहौल है। इसके बावजूद भी आप सरकार कानून व्यवस्था दुरूस्त करने में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। वहीं सीएम भगवंत मान का ध्यान पंजाब की तरफ कम है। उमेश शारदा ने कहा कि अब आप सरकार अपने पंजाब की जनता से किए वादों से भी भागने लगी है। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने व नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार अब इससे भाग रही है। बेरोजगार द्वारा लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे है। कम से कम उनकी बात तो सरकार को सुननी चाहिए। उमेश शारदा ने कहा कि भाजपा बेरोजगारों के संघर्ष का समर्थन करती है और सरकार से मांग करती है कि सरकार अपने वादे के मुताबिक बेरोजगारों के मसले का तुरंत समाधान कर इन्हें राहत पहुंचाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के साथ-साथ बेरोजगारों को नौकरियां भी दे।

Advertisements

उमेश शारदा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद शुरू हुए विकास कार्यो को भी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की तरफ से गांवों के विकास के लिए जारी ग्रांट को वापस मंगवाने के आदेश जारी किए गए है, जोकि पूरी तरह से गलत है व लोगों से अन्याय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here