
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। भारी बारिश के चलते टौणी देवी क्षेत्र में लहासा गिरने से नुकसान की सूचना मिली है। बारी मन्दिर फीडर के तहत माहडे गांव में सफेदे का एक विशाल पेड़ गिर कर बिजली की 3 फेस लाइन पर जा गिरा जिससे बिजली का एक पोल टूट गया और तारें टूट कर प्यार चन्द पुत्र परस राम के घर पर और रास्ते मे आ गिरी । सफेदे का पेड़ गिरने पर हुए धमाके में बिजली भी गुल हो गयी नहीँ तो किसी की जान भी जा सकती थी । इस बारे ग्रामीणों ने विभाग को सूचित किया व बिजली बंद करवाई।

मौके पर विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंकित पट्याल कर्मचारियों सहित पहुंचे व टूटी लाइनों को मकान से हटाया व अलग करके अन्य जगह की बिजली बहाल कर दी। उन्होंने बताया कि बारिश की बजह से हुए इस नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट भेजी जाएगी व कल तक नया पोल लगाकर बिजली आपूर्ति कर दी जाएगी। वहीं कोहलू सिद्ध में पहाड़ी से बार बार पत्थर गिरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। झनिककर, बराडा, पंजोत, समीरपुर क्षेत्रों में भारी बारिश से मक्की की फसल खेतों में बर्बाद हो गई।











