होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी कॉलेज होशियारपुर में प्रिंसीपल जोगेश के नेतृत्व में रेड रिबन क्लब व एन.एस.एस. इंचार्ज विजय कुमार के सहयोग सें सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाते हुए सेमिनार व शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। कॉलेज के प्रिंसिपल जोगेश ने देश में व्याप्त भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वजह से ऐसी घटनाएं घटित होती हैं जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है। जिसकी कमी उनसे जुड़े परिवार के सदस्यों में कभी पूरी नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि सभी को भ्रष्टाचार से दूर रहना चाहिए और इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने छात्रों को भ्रष्टाचार की किस्मों के बारे में भी जानकारी दी।
छात्रों को संबोधित करते हुए रेड रिबन क्लब और एन.एस.एस इंचार्ज विजय कुमार ने कहा, हमें कभी भी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं होना चाहिए, चाहे वह किसी भी तरह का हो, न ही हमें भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों का साथ देना चाहिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि भविष्य में उन्हें ही देश की बागडोर संभालनी है, इसलिए युवाओं को इसे खत्म करने में बड़ी भूमिका निभानी होगी। विजय कुमार ने छात्रों और स्टाफ को शपथ दिलाई कि वे जीवन में भ्रष्टाचार के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी के साथ करेंगे और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर मि. रंजीत कुमार, बिंदू शर्मा, कुलविंदर कौर व मि. धर्म वीर भी मौजूद थे।