तन, मन और आत्मा की एकात्म अवस्था ही योग है: स्वामी विज्ञानानंद  

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान” के द्वारा गौतम नगर गली नं० 4 स्थित “भगवान परशुराम म्युनिसिपल पार्क” में अपने स्वास्थ्य जाग्रति कार्यक्रम “आरोग्य” के अंतर्गत विशाल “दो दिवसीय निःशुल्क विलक्षण योग शिविर” का आयोजन किया गया। जिसके आज प्रथम दिवस संस्थान की ओर से “श्री आशुतोष महाराज जी” के शिष्य योगाचार्य स्वामी विज्ञानानंद जी ने भारतीय संस्कृति की उत्कृष्ट विरासत “योग” की महानता से परिचित कराते हुए योग साधकों को बताया कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है यह तन, मन और आत्मा की एकात्म अवस्था का परिचायक है, मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है, संयम और पूर्ति प्रदायक तथा स्वास्थ्य और भलाई के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को भी प्रदान करने वाला है।

Advertisements

यह मात्र व्यायाम के बारे में ही नहीं है, वरन् अपने भीतर एकता की भावना, दुनिया और प्रकृति की खोज के विषय में है। हमारी परिवर्तनशील जीवन- शैली में यह चेतना बनकर, हमें जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद कर सकता है। इसीलिए गौरवान्वित होकर यह कहा जा सकता है कि सम्पूर्ण विश्व में आर्यावर्त भारतीय योग मनीषियों द्वारा प्रदत्त “योग पद्धति” को उत्कृष्ट निधि के रूप में सर्वसम्मति से समग्र राष्ट्रों द्वारा अग्रगण्य स्वीकार किया गया । वस्तुतः संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा ने दिसम्बर 2014 में प्रतिवर्ष “21 जून” को “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस” के रूप में मनाने का संकल्प पारित किया।  

“योग” की रहस्यात्मक विवेचना पर प्रकाश डालते हुए स्वामी जी ने बताया कि आज मूलतः कुछ योगासनों और प्राणायामों को ही सम्पूर्ण योग पद्धति स्वीकार कर लिया जाता है। जब कि ऐसा नहीं है। “योग” शब्द संस्कृत की “युज्” धातु से बना है। जिसका अर्थ होता है “जुड़ना”। अर्थात् हमारे तन, मन और आत्मा की एकात्म अवस्था ही योग है। “महर्षि पातंजलि” ने “योग” की परिभाषा देते हुए कहा है कि “योगः चित्त वृत्ति निरोधः” अर्थात् चित्त की वृत्तियों का निरोध ही योग है। फिर ही “योगः कर्मसु कौशलम्” की अवधारणा सिद्ध होती है। स्वामी जी ने पातंजलि “योग सूत्र” के अनुसार साधकों को ताड़ासन, दण्डासन, कटिचक्रासन, अर्द्ध चंद्रासन, द्विचक्रिकासन, भुजंगासन, नाड़ीशोधन, अनुलोम विलोम प्राणायाम इत्यादि का विधिवत् अभ्यास करवाते हुए इनके वैज्ञानिक पक्ष द्वारा दैहिक लाभों से परिचित भी करवाया।                                                                                    

ध्यान देने योग्य है कि आज संस्थान की ओर से अपने “आरोग्य” प्रकल्प के अंतर्गत सम्पूर्ण विश्व में निःशुल्क  “विलक्षण स्वास्थ्य शिविरों” का आयोजन कर “सर्वे सन्तु निरामयाः” की उक्ति को सिद्ध किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति की मर्यादा बनाये रखते हुए कार्यक्रम का आरम्भ विधिवत् मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। कार्यक्रम में कमलजीत सेतिया, कैप्टन गोविंद जसवाल, तिलक राज गुप्ता, अशोक मल्होत्रा, अशोक खुल्लर, रजिंदर मल्होत्रा, नटवर, रोहित शर्मा, डॉ कन्हैया लाल पराशर, राकेश शर्मा, संजीव जैन, जगजीत सिंह गिल, सुंदर शाम सूद,हंस राज शर्मा और जतिंदर दत्त की सहर्ष उपस्थिति रही। सभी साधकों ने दैहिक आरोग्यता से परिपूर्ण कार्यक्रम का पूर्णतः लाभ प्राप्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here