Saturday, October 24, 2026
Home Himachal लेफ्टिनेंट जनरल प्रदीप बाली होंगे सुजानपुर सेना दिवस पर मुख्य अतिथि 

लेफ्टिनेंट जनरल प्रदीप बाली होंगे सुजानपुर सेना दिवस पर मुख्य अतिथि 

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्टः रजनीश शर्मा। सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में आज 15 जनवरी को सुबह 10:30 बजे सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा भूतपूर्व सैनिक लीग के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहे 76वें सेना दिवस की तैयारियां पूरी कर ली गई है और इस कार्यक्रम को लेकर इलाके के पूर्व सैनिकों और इलाका वासियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल प्रदीप बाली इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे जबकि सेना से रिटायर्ड कई सीनियर ऑफिसर इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करके इसकी शोभा बढ़ाएंगे। सर्वकल्याणकारी संस्था के संस्थापक एवं चीफ पैटर्न सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने बताया कि सुजानपुर एक सैनिक बहुल क्षेत्र है और यह गर्व की बात है कि सेना के तीनों अंगों में बड़ी संख्या में यहां के नौजवान अपनी शानदार सेवाएं दे रहे हैं । पूर्व सैनिकों की भी यहां बड़ी तादाद है जिन्होंने अपनी जवानी देश सेवा को समर्पित की है। 

Advertisements

उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा हर साल सेना दिवस का आयोजन किया जाता है लेकिन इस बार भूतपूर्व सैनिक लीग के साथ मिलकर बड़े स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है जिसे लेकर इलाके के पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों में भारी जोश देखने को मिल रहा है तथा इस आयोजन को यादगार  बनाने के लिए इलाके के पूर्व सैनिक भी पूरे उत्साह से जुटे हुए हैं क्योंकि यह कार्यक्रम भारतीय सेना की आन, बान व शान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा पूर्व सैनिकों द्वारा इस अवसर पर प्रस्तुत की जाने वाली भव्य परेड की भी रिहर्सल पूरी कर ली गई है। कई तरह के बैंड दस्ते इस कार्यक्रम की गरिमा को चार चांद लगाएंगे। हिमाचल से संबंधित पार्श्व गायक धीरज शर्मा वीर रस और हिमाचल की संस्कृति से ओतप्रोत गीत भी इस अवसर पर  अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि 76वें सेना दिवस के आयोजन की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और आयोजन की पूरी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here