
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेत्री लक्ष्मी कांता चावला ने सारे देशवासियों को श्री गणेश पूजा उत्सव की बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि यह गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि गणेश पूजा का उत्सव अब केवल बड़े पंडालों, मंदिरों या चौक चौराहों में ही नहीं मनाया जाता, अपितु असंख्य घरों में गणेश जी की स्थापना और पूजा अर्चना होती है। गणेश जी की पूजा करने वाले भारतवासियों से मेरी यह अपील है कि यह याद रखें कि गणेश जी गणपति, सेनापति हैं। इसलिए गणेश जी की पूजा करते समय यह याद रखें कि आज भारत को उन भक्तों की आवश्यकता है जो देश की रक्षा के लिए आवश्यकता पर शस्त्र भी उठाएं, शिक्षा का प्रसार करें और जैसे गणेश जी का प्रसाद जन जन में बांटते हैं वैसे ही जो धन संपदा उनको ईश्वर ने दी है उसे किसी गरीब परिवार के हित में लगाएं।

उन्होंने कहा कि याद रखना होगा कि गणेश जी बुद्धि और विद्या के भी देवता हैं। गणेश जी के भक्तों से यह निवेदन है कि उनके पास जो विद्या, बुद्धि, धन—संपदा है, गणेश जी की पूजा के दिन यह संकल्प लीजिए के उसे देशवासियों की सेवा में लगाएंगे। विशेषकर गरीब रिश्तेदारों, पड़ोसियों और अपने कर्मचारियों की पहले चिंता करें और उसके बाद जितना संभव हो सारे समाज की। गणेश जी की पूजा का अर्थ केवल लड्डू बांटना और खाना नहीं, बल्कि जब हम यह कहते हैं— अगले वर्ष जल्दी आना बप्पा मोरिया तो उनको लाने से पहले हिसाब भी देना होगा कि इस वर्ष हमने गणेश जी द्वारा दिया धन-संपदा कितने लोगों की सेवा में लगाया।












