
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्टः रजनीश शर्मा । हमीरपुर मंडी वाया टौणी देवी आवाहदेवी बन रहे एनएच 03 के ब्लास्टिंग साइट में स्थित कोल्हू सिद्ध मंदिर में करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हो गया है। टौणी देवी से दो किलोमीटर दूर स्थित आस्था के केंद्र कोल्हू सिद्ध के बरामदे की टीन भारी चट्टानें गिरने से टूट गई, मंदिर के पास लगी दो सोलर लाइट गिर गई और ब्लास्टिंग से मंडिरके मुख्य द्वार को भी नुकसान पहुंचा है। यह नुकसान पिछली रात निर्माण कंपनी द्वारा कोल्हू सिद्ध मंडिरबके गेट के सामने की गई ब्लास्टिंग से हुआ है। एनएच निर्माण कंपनी को कोल्हूसिद्ध क्षेत्र में ब्लास्टिंग की परमिशन मिली हुई है। ब्लास्टिंग से उड़ने वाले पत्थर और गिरने वाली चट्टाने कोल्हू सिद्ध के ऐतिहासिक मंदिर को खासा नुकसान पहुंचा रही है। इससे स्थानीय लोगों को निर्माण कंपनी के प्रति रोष है। ग्रामीणों जय राज, हरबंस, भूमिराज, देशराज, हंसराज, संजीव , सुनील , रजनीश, रघुबीर इत्यादि ने कोल्हू सिद्ध मंदिर को नुकसान से बचाने की गुहार लगाई है।

कोल्हू सिद्ध मंदिर के मुख्य पुजारी रघुबीर सिंह चौहान ने बताया कि निर्माण कंपनी अवैज्ञानिक तरीके से ब्लास्टिंग और खुदाई कर रही है। इससे धार्मिक स्थान को अब तक करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हो चुका है। बड़ी चट्टाने टीन की छत को फाड़ बरामदे में लगी टाइल को भी तोड़ चुकी है। इस बारे में एनएच 03 निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने बताया कि नुकसान की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि मौके पर जा नुकसान का जायजा लिया गया है। करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है जिसे कंपनी द्वारा शीघ्र मरम्मत करवा कर पूर्ण किया जाएगा।












