
मोगा (द स्टैलर न्यूज़), नरेश कौड़ा। मोगा पुलिस ने फ्लिपकार्ट कंपनी के कैंटर लूट मामले को सुलझाते हुए पांच आरोपियों में से तीन को काबू करने और सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। लूटे गए सामान की कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा वारदात में प्रयोग किए गए टाटा ऐस तथा मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी मोगा अजय गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह निवासी गिल पत्ती माणूके, राजविंदर सिंह व आकाशदीप निवासी लंगियाणा नवां के रुप में हुई है, जबकि अजय निवासी लंगियाणा नवां और आकाशदीप निवासी लंगियाणा की तलाश में छापामारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से 60 आई फोन-15, 77 सैमसंग व अन्य कंपनी के मोबाइल, 139 एपल एयरपोड व अन्य कंपनी के एयरपोड और 1 लिनोवो कंपनी का टैब बरामद किया है। इसके अलावा टाटा ऐस (छोटा हाथी) (पीबी 13, एएल 3116) तथा डीलक्स मोटरसाइकल (पीबी 29, एए 0739) भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से आकाशदीप सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी लंगियाणा, जिसकी गिरफ्तारी बाकी है के खिलाफ थाना बाघा पुराना में 3 जून 2024 को 323, 506, 336, 148, 149 व 25-27-54-59 असला एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि शेष दो आरोपियों की तलाश में छापामारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












