
केरल (द स्टैलर न्यूज़)। केरल में पलक्कड़-कोझिकोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर अय्यप्पनकावु के पास एक कार और लॉरी के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पलक्कड़ से आ रही कार की विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार लॉरी में फंस गई थी।

पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य को पलक्कड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस को संदेह है कि भारी बारिश के कारण कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार कोयंबटूर की ओर जा रही लॉरी से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












