
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सिटी ट्रैफिक पुलिस की तरफ से शहर से गुजरने वाले ओवरलोडिड वाहनों पर सख्ती करनी शुरु कर दी गई है तथा बिना कागजात के सड़कों पर दौड़ते वाहनों पर भी पुलिस की पैनी नज़र है। जिसके चलते सिटी ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज अमरजीत व उनकी टीम द्वारा उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी के तहत इंचार्ज अमरजीत सिंह ने प्रभात चौक पर विशेष नाकाबंदी करके वाहनों की चैकिंग की और ओवरलोडिड तथा बिना कागजात के वाहनों के चालान काटे।

इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग एवं बिना कागजात के अगर कोई वाहन पाया जाता है तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्यवाही (वाहन को जब्त करने की कार्यवाही) का जा सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के तहत ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्यवाही की जा रही है तथा यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान कुछेक वाहन चालकों ने उनके साथ बहसबाजी भी की। लेकिन इंचार्ज अमरजीत सिंह ने नियमों की पालना की नसीहत देते हुए उन्हें आगे से समस्त कागजात पूरे रखने और पास लोड अनुसार ही लोडिंग की बात कही।












