
दिल्ली (द स्टलैर न्यूज़)। कैलिफोर्निया के ट्रेसी शहर में गुरुद्वारे के बाहर से अगवा किए गए 57 वर्षीय सिख सेवादार का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले की पुष्टि की है। मृतक की पहचान समुदाय के लोगों ने अवतार सिंह के रूप में की है, जो ट्रेसी स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक प्रकाश में पिछले 20 वर्षों से सेवादार और लंगरी के रूप में सेवा दे रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि तीन लोग, जो गहरे रंग के कपड़ों में थे, अवतार सिंह को दोपहर करीब 2:30 बजे जबरन एक सफेद एसयूवी में बैठाकर ले गए।

अधिकारियों का कहना है कि वह अपनी इच्छा के विरुद्ध वाहन में बैठते नजर आए। उसी शाम वेस्ट ग्रांट लाइन रोड के 16000 ब्लॉक से उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। शनिवार को स्टेट हाईवे 128 पर एक शव बरामद हुआ, जिसके बाद मोंटीसेलो डैम और रैग कैन्यन रोड के बीच सड़क बंद कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मामला आगे की जांच के लिए सैन जोआक्विन काउंटी अधिकारियों को सौंप दिया गया है। स्थानीय समुदाय और दोस्तों का कहना है कि अवतार सिंह अपने पीछे पत्नी और छह महीने के तीन जुड़वा बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने अपहरण और हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी है।












