
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। साउथ ईस्ट दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यहां आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या की गई थी। इस मामले में अब और बड़े खुलासे हो सकते हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गईं और लगातार छापेमारी की गई। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राहुल मीणा ऑनलाइन गेमिंग का बुरी तरह आदी था। इस लत के कारण वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और अक्सर आसपास के अन्य घरेलू सहायकों से पैसे उधार मांगता रहता था। इसी व्यवहार की वजह से उसे दो महीने पहले काम से निकाल दिया गया था। नौकरी जाने का गुस्सा और कर्ज चुकाने का दबाव उसे अपराध की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कल सुबह घर से करीब 2.5 लाख रुपये नकद भी लूटे थे।

आरोपी कितना शातिर था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली में वारदात करने से ठीक पहले उसने अलवर में एक महिला का यौन उत्पीड़न किया था। वहां पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल 10,000 रुपये में बेच दिया ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इसके बाद उसने 6,000 रुपये में गाड़ी किराए पर ली और दिल्ली आकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया। जांच के दौरान पुलिस आरोपी के अलवर स्थित घर भी पहुंची, जहां यह जानकारी सामने आई कि वह हत्या से एक दिन पहले अपने इलाके में छेड़छाड़ की एक घटना में भी शामिल था। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। बता दें कि इस घटना की जांच के लिए साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी डॉक्टर हेमंत तिवारी और अलग-अलग पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
दक्षिणी रेंज संयुक्त CP विजय कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 8:45 पर सूचना मिली की अमर कॉलोनी में एक घटना हुई है। बच्ची के अभिभावक ने फोन किया था। IRS ऑफिसर अपनी पत्नी के साथ जिम गए थे। पीछे से कोई उनके घर में आता है। जब वे वापस आए तो इनकी बच्ची जमीन पर बेहोश मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर बच्ची को मृत घोषित कर देते हैं। प्रारंभिक शक इनके पुराने नौकर राहुल मीणा पर था जिसे 1.5 महीने पहले काम से निकाल दिया गया था। CCTV और प्रत्यक्षदर्शी से पता चला कि वह सुबह घर में आया था। 6:39 बजे वे घर में घुसा और 7:20 बजे वे घर से निकल जाता है। शाम को हमने इसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। आगे की पूछताछ की जा रही है। कई मामलों में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस टीम के वरीय अधिकारी और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंचे हुए हैं। डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि अभी फिलहाल जांच चल रही है पूरा मामला क्लियर होने के बाद ही जानकारी दी जाएगी।












