
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के टौणी देवी विकास खंड के तहत झनिक्कर गांव में शुक्रवार को एक पशुशाला में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए।

जानकारी के अनुसार यह आग राज कुमार विक्की (पुत्र बीरबल) की पशुशाला में लगी। आग इतनी भयानक थी कि उसमें एक गाय जलकर मर गई, जिससे पशुपालक परिवार को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्नि शमन विभाग की गाड़ियां भोरंज और हमीरपुर से मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटी रही।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। गाय की मौत और पशुशाला के जलने से स्थानीय लोगों के चेहरों पर मायूसी साफ देखी जा सकती है।












