Saturday, October 17, 2026
Home Crime लेखा अधिकारी आत्महत्या मामलाः 3 अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज, पत्नी ने...

लेखा अधिकारी आत्महत्या मामलाः 3 अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज, पत्नी ने लगाए दबाव बनाने के आरोप

FIR-LOGO

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा सचिवालय की आठवीं मंजिल से व्यक्ति के कूदकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक बलवंत सिंह की पत्नी प्रमिला ने सेक्टर-3 थाना पुलिस को शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने हरियाणा के पूर्व चीफ फाइनेंस ऑफिसर (सीएफओ) अमित दीवान, आशीष गोगिया और राजेश गोयल को आरोपी बनाया है। तीनों आरोपी सेक्टर-6 के हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीजीसीएल) में तैनात थे। मृतक बलवंत सिंह की पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि तीनों आरोपी उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे थे और गलत काम के लिए दबाव बना रहे थे। परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते बलवंत परेशान थे। मंगलवार को परिजनों के पहुंचने के बाद सेक्टर-16 अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। यह प्रक्रिया दोपहर करीब एक बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चली।

Advertisements

इस दौरान सेक्टर-3 थाना प्रभारी भी अस्पताल में मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पत्नी, भाई कृष्ण और अशोक पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल में मौजूद रहे। बुधवार को अंतिम संस्कार झज्जर स्थित पैतृक गांव मुंडा हेरा में किया जाएगा। मृतक के भाई राजपाल ने आरोप लगाया कि तीन वरिष्ठ अधिकारी लगातार बलवंत पर दबाव बना रहे थे। ये सभी अधिकारी उनके सीनियर थे और उन्हें फंसाने की साजिश रच रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे। वहीं, सेक्टर-3 थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं मोबाइल में कोई आखिरी नोट तो नहीं लिखा गया। इसके अलावा परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है कि आत्महत्या से पहले उन्होंने किसी को कोई कॉल या संदेश तो नहीं किया था। 590 करोड़ रुपये के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले में अमित दीवान पहले से ही जेल में बंद है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here