
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने नगर निकाय चुनाव परिणामों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यों पर विश्वास जताते हुए सरकार को रिपीट करने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 61 नगर निकायों में से कांग्रेस पार्टी ने 32 स्थानों पर जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि भाजपा को केवल 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि जो उम्मीदवार आजाद जीतकर आए हैं, उनमें से अधिकांश कांग्रेस विचारधारा से जुड़े हुए लोग हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा, मंडी और शिमला जैसे बड़े जिलों में कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों में परचम लहराया है, जो प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाते हैं। हमीरपुर जिला के भोटा और सुजानपुर में भी कांग्रेस पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह गुटबाजी और अंतर्कलह से जूझ रही है। कई स्थानों पर भाजपा के एक गुट ने उम्मीदवार घोषित किए तो दूसरे गुट ने उन्हें बदल दिया। भाजपा संगठन के भीतर प्रतिस्पर्धा और बिखराव का माहौल है, जबकि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरी और जनता का विश्वास जीतने में सफल रही।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यवस्था परिवर्तन के तहत कई कड़े और साहसिक फैसले लिए। शुरुआत में इन निर्णयों को लेकर विरोध हुआ, लेकिन अब उनके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केंद्र सरकार के माध्यम से प्रदेश को मिलने वाले कई लाभ रोकने का प्रयास किया, बावजूद इसके कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जारी रखा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई सुख आश्रय योजना और विधवाओं के पुनर्वास जैसी योजनाएं देशभर में मिसाल बन रही हैं। कांग्रेस सरकार ने जनता को जो गारंटियां दी थीं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और नगर निकाय चुनावों में जनता ने इन्हीं कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है।
विधायक ने विश्वास जताया कि आने वाले जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को शाबाशी देते हुए विकास और जनहित की राजनीति पर भरोसा जताया है। इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न कॉरपोरेशनों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी प्रेस वार्ता में मौजूद रहे।











