
केरल (द स्टैलर न्यूज़)। केरल की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर पर छापा मारा। इस दौरान जमकर हंगामे की बात सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक, विजयन के समर्थकों ने ईडी के अधिकारियों पर हमला किया और गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान पत्थरबाजी की बात भी सामने आई। पिनारयी विजयन के आवास के बाहर सीपीएम कार्यकर्ता और नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। यहां ईडी की छापेमारी हो रही थी। अचानक प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें सीपीएम कार्यकर्ताओं ने घर में घुसने की कोशिश की और अंदर बोतलें और हेलमेट फेंके।

ईडी के अधिकारियों के साथ मारपीट की बात सामने आई और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। ये हंगामा विजयन के घर पर ईडी की छापेमारी के खिलाफ हुआ था। ED टीम पर केरल में जो हमला हुआ, उस मामले में ED की टीम मामला दर्ज करवाएगी। इसके अलावा ED कोर्ट भी मूव करेगी। ईडी की गाड़ियों को नुकसान हुआ है। अब तक की जानकारी के मुताबिक, ईडी का कोई अधिकारी इस हमले में घायल नहीं हुआ है।












