Sunday, October 25, 2026
Home Jammu & Kashmir पुंछ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने टीम के कार्यों...

पुंछ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने टीम के कार्यों की सराहना की पुंछ

जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़)। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं जम्मू डॉ. पूनम सेठी ने सोमवार को जिला अस्पताल पुंछ में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के कामकाज का जायजा लिया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परवेज अहमद खान के नेतृत्व में पुंछ स्वास्थ्य विभाग के प्रदर्शन की सराहना की।
बैठक में निदेशक के साथ स्वास्थ्य सेवा निदेशालय जम्मू की महामारी विशेषज्ञ डॉ. रश्मि शर्मा भी मौजूद रहीं। इस दौरान सीएमओ डॉ. परवेज अहमद खान ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

Advertisements

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला अस्पताल पुंछ तथा जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी और आईपीडी सेवाओं में सुधार हुआ है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, दवाइयों की उपलब्धता तथा संतोषजनक उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
बैठक में क्षय रोग मुक्त भारत अभियान (टीबी मुक्त भारत) के तहत जिले में सक्रिय रोगी खोज, उपचार की निगरानी और निक्षय पोर्टल के प्रभावी उपयोग से प्राप्त प्रगति की जानकारी भी दी गई। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत हजारों बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर जरूरतमंदों को समय पर उपचार और रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

आयुष्मान भारत पीएम-जय सेहत और वय वंदना योजना के तहत कार्ड निर्माण, पंजीकरण तथा वरिष्ठ नागरिकों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जिले के प्रदर्शन को भी सराहनीय बताया गया। गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच एवं उपचार सेवाओं को भी स्वास्थ्य संस्थानों और विशेष शिविरों के माध्यम से मजबूत बनाया गया है।
डॉ. सेठी को बताया गया कि जिला अस्पताल पुंछ में डायलिसिस यूनिट सुचारु रूप से कार्य कर रही है और बड़ी संख्या में मरीज इसका लाभ उठा रहे हैं। साथ ही मेंढर, सुरनकोट और मंडी के उप-जिला अस्पतालों में डायलिसिस यूनिट जल्द शुरू करने के लिए कार्य में तेजी लाई गई है।

समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड (ईएमआर) प्रणाली के क्रियान्वयन तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में हुई प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया गया। जिला अस्पताल में नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) और बाल गहन चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू) के सुचारु संचालन की भी जानकारी दी गई।

निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने पुंछ स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पण और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने अधिकारियों को शेष कमियों को जल्द दूर करने, दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा मरीजों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट जिला अस्पताल पुंछ डॉ. मोहम्मद शफीक, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूबी नाज़ भट्टी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं डीटीओ डॉ. मोहम्मद आजम, विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here