
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर और आवाहदेवी के बीच बने नए टूलेन राष्ट्रीय राजमार्ग से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। नए हाईवे के निर्माण के बाद दोनों स्थानों के बीच की दूरी लगभग 04 किलोमीटर कम हो गई है, वहीं सफर का समय भी काफी घट गया है। इसके बावजूद बस किराए में कोई कमी नहीं की गई है, जिससे यात्रियों को आज भी पुरानी दूरी के आधार पर अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, आवाहदेवी से हमीरपुर की दूरी करीब 04 किलोमीटर तथा टौणी देवी से हमीरपुर की दूरी लगभग 02 किलोमीटर कम हो गई है। नए मार्ग के कारण जहां पहले आवाहदेवी से हमीरपुर पहुंचने में डेढ़ से पौने दो घंटे तक का समय लगता था, वहीं अब बसें लगभग एक घंटे में ही गंतव्य तक पहुंच रही हैं।
यात्रियों का कहना है कि दूरी कम होने के बावजूद एचआरटीसी की टिकटिंग मशीनों में अभी भी पुरानी दूरी दर्ज है और टिकटें उसी आधार पर जारी की जा रही हैं। इससे प्रत्येक यात्री को लगभग 10 से 12 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ रहा है।
हालांकि दूरी कम होने से यात्रियों के समय की बचत हो रही है और बसों की ईंधन खपत भी कम हुई है, लेकिन किराए में संशोधन न होने से लोगों में नाराजगी है।
रोजाना सफर करने वाले देश राज कतना, आशा देवी, मेहर सिंह, सुभाष, दिनेश कुमार, रविंद्र कुमार और प्रकाश चंद सहित अन्य यात्रियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि घटी हुई दूरी के अनुसार बस किराए में संशोधन किया जाए तथा टिकटिंग मशीनों को जल्द अपडेट किया जाए ताकि यात्रियों को वास्तविक लाभ मिल सके।
हाईवे हैंडओवर और अंतिम नोटिफिकेशन के बाद मिलेगा लाभ : अंकित सिंह
इस संबंध में हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हैंडओवर किया जाएगा और रोड मैपिंग की अंतिम अधिसूचना जारी होगी, उसके बाद नई दूरी को आधिकारिक रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने पर निश्चित रूप से यात्रियों को घटी हुई दूरी का लाभ मिलेगा और किराए में भी आवश्यक संशोधन किया जाएगा।











