
वियतनाम (द स्टैलर न्यूज़)। वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव डूबने की खबर है। हनोई में भारतीय दूतावास की तरफ से जारी बयान के मुताबिक कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास एक दुखद घटना में कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारण और नाव पर सवार लोगों के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रुम स्थापित किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 लोगों की मौत हुई है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय समय के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की ओर से संचालित स्पीडबोट हॉन मे रट नाम की जगह से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट की ओर जा रही थी। फु क्वोक हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर दूर होन मे रट एन्ग्वाई नाम की जगह से करीब 400 मीटर दूर नाव पलट गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए। दूतावास की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, हादसे के संबंध में सूचना और सहायता के लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास के नियंत्रण कक्ष पर फोन किया जा सकता है। हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए वियतनाम के दूतावास ने कहा कि हनोई में भी एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। सभी नंबर हादसे से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता और पूछताछ के लिए उपलब्ध है।












