
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रायल होटल के कमरे में करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती पिछले करीब 2 दिनों से होटल के कमरा नंबर 102 में ठहरी हुई थी। सुबह करीब 7 बजे होटल कर्मचारियों ने उसे कमरे में मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही थाना तीन की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने उस युवक को पकड़ लिया है, जो युवती को होटल में लेकर आया था। बताया जा रहा है कि युवती की मौत के बाद युवक होटल से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय कमरे में कौन-कौन मौजूद था।
जांच के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से लाल रंग का एक सूटकेस मिला, जो खाली था। कमरे का सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके जरिए युवती और युवक के होटल पहुंचने से लेकर घटना के बाद युवक के बाहर निकलने तक की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। होटल कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
युवती को होटल लेकर आने वाले युवक के जालंधर के एक राजनीतिक परिवार से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक युवक की पहचान या उसके किसी राजनीतिक परिवार से संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवती और युवक के बीच क्या संबंध थे, दोनों होटल में कब पहुंचे और कमरे में उनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं। युवती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल थाना तीन की पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।











