Sunday, October 4, 2026
Home Crime बाइक सवार 3 बदमाशों ने पिस्टौल दिखाकर महिला को बनाया निशाना

बाइक सवार 3 बदमाशों ने पिस्टौल दिखाकर महिला को बनाया निशाना

लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। फिरोजपुर रोड स्थित ग्रैंड वॉक मॉल में काम करने वाली एक युवती को बद्दोवाल छावनी के पास पुल के नीचे 3 बाइक सवार बदमाशों ने गनपॉइंट पर लूट लिया। पीड़िता ऑटो से उतरकर किराया दे रही थी, तभी बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान दी और उसका बैग व आईफोन 15 छीनकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisements

पीड़िता पूजा ने बताया कि वह ग्रैंड वॉक मॉल में नौकरी करती है। काम खत्म होने के बाद वह ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रही थी। रात करीब 8:00 बजे जब वह बद्दोवाल छावनी के पास पुल के नीचे ऑटो से उतरी और ड्राइवर को किराया देने लगी, तभी ऑटो के पीछे एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आकर रुके। उनमें से एक युवक नीचे उतरा और उसने अचानक पिस्टल निकालकर पूजा की तरफ तान दी। हथियार देखकर युवती बुरी तरह डर गई। आरोपी ने झपट्टा मारकर उसका बैग छीन लिया, जिसमें उसका महंगा iPhone 15 व अन्य जरूरी सामान मौजूद था। पूजा के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे रुमाल या कपड़े से ढके हुए थे। बैग छीनने के लिए सिर्फ एक युवक नीचे उतरा था, जबकि उसके दो अन्य साथी बाइक स्टार्ट करके तैयार खड़े थे। वारदात को अंजाम देते ही तीनों आरोपी तेजी से बाइक भगाकर अंधेरे में गायब हो गए। अंधेरा होने के कारण पीड़िता बाइक का नंबर नहीं देख सकी। वारदात के बाद पूजा ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन वहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने उसकी मदद नहीं की। बाद में उसने एक अन्य राहगीर के फोन की मदद से अपने पिता और पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता के पिता राकेश कुमार ने बताया कि वह सुबह अपनी बेटी को खुद मॉल छोड़कर आते हैं और शाम को वह ऑटो से घर लौटती है। उन्होंने कहा कि मिलिट्री छावनी और पुल के पास सुनसान जगह होने के कारण बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने थाना मुल्लांपुर दाखा पुलिस से मांग की है कि इस पूरे रूट और सुनसान इलाकों में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि कामकाजी महिलाएं सुरक्षित आ-जा सकें। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मॉल से लेकर बद्दोवाल पुल और आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। छीने गए मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रेस करने के साथ-साथ आरोपियों की बाइक की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here