
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अमर शहीद पंजाब केसरी लाला लाजपत राय जी और अनेको-अनेक भारत माता के सपूतों ने हमारे आज के लिए प्राणों की आहुति दी थी तथा हम उनका ऋण कभी नहीं चुका सकते। इसलिए देश की आजादी का 80वां वर्ष उन्हें समर्पित करते हैं। यह विचार नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा ने साथियों सहित रेलवे रोड स्थित लाला जी की प्रतिमा के आसपास सफाई करने एवं उन्हें श्रद्धांजलि भेंट करने दौरान व्यक्त किए। एडवोकेट मरवाहा ने दुख व्यक्त किया कि देश के शहीदों के प्रति आज भी हमारे समाज के अधिकतर लोगों का रवैया बहुत उदासीन है तथा इसकी ज्वलंत उदाहरण यह है कि जहां भी शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित हैं वहां पर न तो उनके द्वारा सफाई का ध्यान रखा जाता है तथा उनके द्वारा स्मारक स्थलों को पार्किंग के तौर पर प्रयोग में लाया जाता है।

जिसे किसी भी सूरत में तर्कसंगत नहीं ठहराया जा सकता। एडवोकेट मरवाहा ने कहा कि हमें शहीदों के प्रति जागरुक होना होगा और उनके सम्मान को किसी भी सूरत में ठेस पहुंचाने से बचना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि जहां भी शहीदों के स्मारक बनाए गए हैं वहां पर सफाई व्यवस्था का ध्यान रखा जाए। एडवोकेट मरवाहा ने कहा कि सरकारें भी शहीदों के नाम पर सत्ता में आती हैं और बाद में उन्हें भूल जाती हैं। हमारे शहीद हमारी धरोहर हैं तथा यह कोई प्रयोह में लाई जाने वाली वस्तु नहीं हैं। इस मौके पर एडवोकेट मरवाहा ने साथियों सहित स्मारक के आसपास सफाई की और जल से लाला जी के बुत को धोने के बाद पुष्पमालाएं पहनाकर उन्हें नमन किया। इस मौके पर पूर्व पार्षद एडवोकेट लवकेश ओहरी, शहरी कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मुकेश डावर मिंटू, टैक्स कंसलटेंट राजेश शर्मा, अकाउंटेंट अरविंद शर्मा, बलविंदर सैनी व सतिंदर शर्मा ने भी लाला जी को श्रद्धांजलि भेंट की।












