
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। ऊना जिले के पीरनिगाह मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर मालवाहक वाहन आज सुबह खाई में गिर गया। मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर उतराई में चालक के नियंत्रण खोने से हादसा हुआ। करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र समेत पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीरनिगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के साथ यहां लंगर का आयोजन भी किया था। मंगलवार सुबह वे माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में दर्शन करने के बाद अपने घर लौटने की तैयारी में थे।

इसी दौरान पीरनिगाह मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर उतराई वाले हिस्से में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। अनियंत्रित होने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकल गया और खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घायल होने के कारण अस्पताल में भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।












