Thursday, September 17, 2026
Home Hoshiarpur डिसेबल्ड पर्सन्स वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से दिव्यांग बच्चों के लिए नृत्य...

डिसेबल्ड पर्सन्स वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से दिव्यांग बच्चों के लिए नृत्य एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन

होशिरपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिसेबल्ड पर्सन्स वेलफेयर सोसायटी (डी पी डब्ल्यू एस) रजि. होशियारपुर द्वारा गुरसेवा ग्रुप ऑफ कॉलेज, पनाम गढ़शंकर के सहयोग से दिव्यांग बच्चों के लिए नृत्य एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गढ़शंकर, माहिलपुर और कोट फतूही ब्लॉक के दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

Advertisements

कार्यक्रम का उद्घाटन गुरसेवा ग्रुप ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष सरदार यंग बहादुर राय तथा मैनेजिंग डायरेक्टर मैडम दविंदर कौर राय ने किया, जबकि डॉ. स्वाती शीमार, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर, होशियारपुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन डीपीडब्ल्यूएस के अध्यक्ष संदीप शर्मा, महासचिव राजकुमार तथा तहसील गढ़शंकर के अध्यक्ष जसविंदर सिंह के नेतृत्व में किया गया।

नृत्य प्रतियोगिता में तनवीर कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि करणवीर, सचिन और सुनेना ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा गुरजोत कौर ने तृतीय स्थान हासिल किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में पवन कुमार प्रथम, हरमीत कौर द्वितीय और सरस्वती तृतीय स्थान पर रही। गुरसेवा कॉलेज की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी बच्चे को 500 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि सोसायटी द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं सम्मान चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन ने दिव्यांग व्यक्तियों के कल्याण कार्यों के लिए डीपीडब्ल्यूएस को 21,000 रुपये का चेक भी भेंट किया।

अपने संबोधन में मैडम दविंदर कौर राय ने कहा कि यदि समाज की संस्थाएं दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और विकास के लिए आगे आएं तो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने अपने कॉलेज में दो दिव्यांग बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की घोषणा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक प्रयासों को सहयोग देने का आश्वासन दिया। डीपीडब्ल्यूएस के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने गुरसेवा ग्रुप ऑफ कॉलेज की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन मैडम जसवीर कौर, डॉ. हरप्रीत कौर और प्रिंसिपल कृपाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर रोशन लाल, ज्ञान चंद, जसवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुलजीत बंगड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. केवल कृष्ण तख्खी ने किया।।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here